
शरीर और हाथ-पैर पर मिले गंभीर चोटों के निशान, चाचा से विवाद की भी सामने आई बात; पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच
CRS NEWS रायबरेली। खीरो थाना क्षेत्र के इकौनी गांव में खेत की रखवाली करने गए 22 वर्षीय युवक शिव बाबू की अज्ञात हमलावरों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। युवक का शव खेत के पास मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर खीरो थाना पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी (सीओ) और अपर पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि शिव बाबू खेत की रखवाली करने गया था। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक को बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के शरीर के अलावा हाथ-पैर और पीठ पर भी गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
परिजनों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले शिव बाबू का अपने चाचा से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद को लेकर पुलिस अब विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या है और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही खीरो थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल से महत्वपूर्ण सुराग एकत्र किए।
अधिकारियों ने परिजनों और आसपास मौजूद ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही युवक के आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। घटनास्थल के आसपास मिले साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
युवक की हत्या की खबर फैलते ही गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल हत्या की इस वारदात ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







