
CRS NEWS परशदेपुर, रायबरेली। डीह थाना क्षेत्र के परशदेपुर चौकी अंतर्गत दोस्तपुर बुढ़बारा गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर स्थित तालाब में एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिला। शव की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतक की पहचान गांव निवासी शीतल सरोज पुत्र सुखलाल के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शीतल सरोज पिछले करीब चार दिनों से लापता थे। परिजन उनकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था। शनिवार को गांव के बाहर तालाब की ओर गए ग्रामीणों की नजर पानी में उतराते शव पर पड़ी। इसकी सूचना तत्काल गांव में दी गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना परशदेपुर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शीतल सरोज तालाब तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







