
राष्ट्रीय खेल दिवस पर अल्फा कॉन्वेंट स्कूल में दिखा खेल प्रतिभाओं का जलवा
विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग, हाउस सिस्टम ने बढ़ाया जोश
सलोन। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अल्फा कॉन्वेंट स्कूल में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। विद्यार्थियों ने स्पून एंड लेमन रेस, फ्रॉग रेस, शतरंज, म्यूजिकल रेस, रिले रेस, खो-खो एवं कबड्डी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं को अलग-अलग हाउस में विभाजित कर उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुसार विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करने का अवसर दिया गया। विद्यार्थियों को खेलों का कुशल प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। हाउस की भावना को मजबूत करने के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा विद्यार्थियों को उनके हाउस के निर्धारित रंगों के अनुसार टी-शर्ट भी उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य शुऐब अहमद खान के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में एकता, समानता, सौहार्द, अनुशासन, उमंग और आत्मविश्वास की भावना विकसित करते हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं व्यक्तित्व विकास होता है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। उन्होंने शिक्षकों एवं अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों की खेल प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित प्रशिक्षण और अवसर प्रदान करें, ताकि विद्यार्थी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय, माता-पिता और देश का नाम रोशन कर सकें।
प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। खेल मैदान में हाउस के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन हुआ। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फोटो कैप्शन:
राष्ट्रीय खेल दिवस पर अल्फा कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते विद्यार्थी।







