सेवानिवृत्त हुए जिला युवा कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह, भावुक माहौल में हुआ सम्मान समारोह।

शाहजहांपुर। जिला युवा कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह के सेवानिवृत्त होने पर सोमवार को विकास भवन सभागार में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों, युवक एवं महिला मंगल दलों के पदाधिकारियों तथा पीआरडी जवानों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी और उनके कार्यकाल की सराहना की।
नरेंद्र कुमार सिंह ने 10 जुलाई 2023 को शाहजहांपुर में जिला युवा कल्याण अधिकारी के पद पर कार्यभार ग्रहण किया था। उनके कार्यकाल में युवक एवं महिला मंगल दलों को सक्रिय करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए।
उनके नेतृत्व में युवक मंगल दल चौढ़ेरा, ब्लॉक भावलखेड़ा को राज्यस्तरीय विवेकानंद यूथ अवॉर्ड भी प्राप्त हुआ। इसके अलावा युवक एवं महिला मंगल दलों को प्रतिवर्ष खेल सामग्री उपलब्ध कराने, ग्रामीण क्षेत्रों में खेलकूद को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण स्तर पर स्टेडियम निर्माण की दिशा में भी कार्य किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नरेंद्र कुमार सिंह ने युवाओं को ऊर्जा, उत्साह और सही दिशा देने के साथ ही खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में पीआरडी जवानों को सुचारू रूप से ड्यूटी उपलब्ध कराने और युवक मंगल दलों की गतिविधियों को मजबूत करने पर भी विशेष जोर रहा।
इस दौरान जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, जिला उद्यान अधिकारी पुनीत पाठक, खंड विकास अधिकारी ददरौल-कांट अमित सिंह, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी शुभम सिंह, राहुल उपाध्याय, अनुराग कुमार, भूमिका सचान, व्यायाम प्रशिक्षक सत्येंद्र कुमार, युवक मंगल दल अध्यक्ष इंद्रजीत लोधी, कनिष्ठ सहायक पायल पटेल सहित पीआरडी जवान एवं युवक-महिला मंगल दलों के सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में युवा कल्याण विभाग, युवक एवं महिला मंगल दल तथा जिला प्रशासन की ओर से सेवानिवृत्त जिला युवा कल्याण अधिकारी नरेंद्र कुमार सिंह को उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।






