दिव्यांग बोर्ड कैंप अचानक निरस्त, सैकड़ों दिव्यांगों की बढ़ी मुश्किलें। दूर-दराज से पहुंचे दिव्यांगों को बैरंग लौटना पड़ा, नाराज लोगों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन।

शाहजहांपुर। पुराने जिला अस्पताल में सोमवार को प्रस्तावित दिव्यांग बोर्ड कैंप अचानक निरस्त होने से दूर-दराज से आए सैकड़ों दिव्यांगजन परेशान हो गए। कैंप में पहुंचे लोगों को अस्पताल में लगे एक नोटिस के माध्यम से जानकारी मिली कि डॉक्टर आवश्यक कार्य से बरेली गए हैं, जिसके चलते सोमवार को दिव्यांग बोर्ड कैंप नहीं होगा। इससे नाराज दिव्यांगजनों ने हंगामा करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
आदर्श दिव्यांग कल्याण संस्थान के प्रदेश सचिव नीरज बाजपेई के नेतृत्व में पहुंचे दिव्यांगजनों ने आरोप लगाया कि कैंप निरस्त किए जाने की सूचना पहले से नहीं दी गई। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से दिव्यांगजन सुबह ही पुराने जिला अस्पताल पहुंच गए थे। कैंप स्थल पर पहुंचने के बाद उन्हें निरस्तीकरण की जानकारी हुई।
नीरज बाजपेई ने कहा कि यदि किसी अपरिहार्य कारण से कैंप निरस्त किया जाना था तो इसकी सूचना पहले ही समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक की जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना कैंप निरस्त होने से दूर-दराज से आए दिव्यांगजनों का समय और आने-जाने का किराया बेवजह खर्च हुआ।
उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी उन नए दिव्यांगजनों को उठानी पड़ी, जिनके पास अभी दिव्यांग प्रमाण पत्र नहीं है। ऐसे लोगों को यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं का भी लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने इस पूरी व्यवस्था को गंभीर लापरवाही बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
भविष्य में पूर्व सूचना देने की मांग:
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि भविष्य में यदि किसी कारणवश दिव्यांग बोर्ड कैंप स्थगित या निरस्त करना पड़े तो इसकी सूचना समय रहते समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से दी जाए। इससे दूर-दराज से आने वाले दिव्यांगजनों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकेगा। इस दौरान ब्रह्मदेव, विनोद, चंद्रसेन, रामकुमार सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन मौजूद रहे।







