मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान कैंप में उमड़ा युवा, करीब 400 आवेदकों ने लिया हिस्सा, निःशुल्क काउंसिलिंग व पंजीकरण की मिली सुविधा।
शाहजहांपुर। युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनान्तर्गत कैंप का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर आयोजित कैंप की देखरेख उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, शाहजहांपुर द्वारा की गई।
कैंप में जनपद के करीब 400 आवेदकों ने प्रतिभाग कर योजना की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के उद्देश्य, पात्रता, ऋण सुविधा और आवेदन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान स्वरोजगार शुरू करने के इच्छुक युवाओं के लिए ऋण प्राप्त करने को लेकर निःशुल्क ऑनलाइन काउंसिलिंग एवं पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कैंप में बड़ी संख्या में युवाओं ने योजना में रुचि दिखाई। प्राप्त आवेदनों एवं पंजीकरण के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने युवाओं से शासन की इस योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।







