परिवार परामर्श केंद्र में दो दंपतियों का सुलह, साथ लौटे घर।


शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में शनिवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में 25 मामलों की सुनवाई हुई। काउंसलिंग के जरिए दो दंपतियों के विवाद का समाधान कराकर उन्हें साथ विदा किया गया।
कटरा थाना क्षेत्र के नौ माह पुराने विवाह वाले दंपति में घरेलू विवाद के बाद पत्नी मायके चली गई थी। पांच माह की गर्भवती पत्नी ने पति के साथ रहने की इच्छा जताई। पति ने भविष्य में विवाद न करने और पत्नी को साथ रखने का भरोसा दिया। दोनों में समझौता हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के चार माह पुराने विवाह वाले दंपति में पत्नी ने पति पर मारपीट, गाली-गलौज और खर्च न देने का आरोप लगाया था। काउंसलिंग के दौरान पति ने भविष्य में मारपीट न करने और पत्नी का खर्च उठाने का आश्वासन दिया। दोनों ने समझौता कर लिया और साथ घर लौट गए।
इस दौरान प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र महिला उपनिरीक्षक मधु यादव समेत महिला आरक्षी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।







