
हरदोई पिहानी शहादत नगर-मड़िया घाट मार्ग पर दानपुर गांव के पास हुए हादसे में घायल किसान की लखनऊ के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने दूसरे पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है, जबकि ग्रामीणों ने इससे इनकार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इब्राहिमपुर गांव निवासी राजेश राठौर (45) पुत्र महंगे अपने साथी सत्यवीर के साथ दानपुर गांव में खड़ा ट्रैक्टर देखने जा रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे खड़े होने के दौरान एक रेसर बाइक की टक्कर से राजेश घायल हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात सामने आई।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने राजेश के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। उन्हें सीएचसी पिहानी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल हरदोई से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं ग्रामीणों ने मारपीट के आरोपों को गलत बताते हुए ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। हादसे में दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति भी घायल हुआ है। उसका शाहजहांपुर में उपचार चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






