CRS NEWS रायबरेली, 23 अक्टूबर 2026 जिला समाज कल्याण अधिकारी आर०वी० सिंह ने बताया कि निदेशालय, समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत समस्त वर्गों के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के भुगतान हेतु संशोधित समय-सारिणी निर्गत की गई है। उन्होंने संबंधित शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों, एफिलिएटिंग एजेंसियों तथा छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा मास्टर डाटा लॉक करने की अवधि 23 अक्टूबर से 05 नवम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है। कक्षा 11-12 को छोड़कर प्रदेश में पूर्व से सम्मिलित संस्थानों को पाठ्यक्रम, पाठ्यक्रम का प्रकार, पाठ्यक्रमवार कुल सीटों की संख्या, सक्षम स्तर से निर्धारित शुल्क तथा पाठ्यक्रमवार एफिलिएटिंग एजेंसी/विश्वविद्यालय के नाम आदि सूचनाएं अंकित एवं अद्यतन कर डिजिटल हस्ताक्षर से प्रमाणित करनी होंगी।
विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी के नोडल अधिकारी द्वारा फीस आदि का ऑनलाइन सत्यापन 23 अक्टूबर से 07 नवम्बर 2026 तक तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी द्वारा मास्टर डाटा में फीस आदि का सत्यापन 23 अक्टूबर से 10 नवम्बर 2026 तक किया जाएगा। अल्पसंख्यक वर्ग के लिए एन०एस०पी० पोर्टल पर पंजीकृत निजी क्षेत्र के विद्यालयों की मार्किंग 24 अक्टूबर से 10 नवम्बर 2026 तक की जाएगी।
उन्होंने बताया है कि कक्षा 12 से उच्चतर दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत नवीनीकरण के छात्र-छात्राओं द्वारा ऑनलाइन आवेदन का नवीनीकरण कर हार्ड कॉपी संस्थान में जमा करने की अवधि 23 अक्टूबर से 13 नवम्बर 2026 तक निर्धारित है। शिक्षण संस्थानों द्वारा छात्रों का बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति दर्ज करने तथा अपात्र छात्रों का डाटा निरस्त कर पात्र छात्रों के आवेदन ऑनलाइन सत्यापित एवं अग्रसारित करने की अवधि 15 सितम्बर से 15 नवम्बर 2026 तक है।
विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा वास्तविक छात्रों का सत्यापन तथा अपात्र छात्र, पाठ्यक्रम एवं संस्था को ब्लॉक करने की अवधि 15 सितम्बर से 18 नवम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है। जनपदीय समिति द्वारा डाटा लॉक करने की अवधि 22 नवम्बर से 02 दिसम्बर 2026 तक रहेगी। संदेहास्पद डाटा के वास्तविक सत्यापन के आधार पर त्रुटिरहित डाटा को जनपदीय समिति द्वारा लॉक करने की अवधि 01 जनवरी से 10 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।
उन्होंने बताया है कि कक्षा 12 से उच्चतर दशमोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत नवीन छात्र-छात्राओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की अवधि 15 सितम्बर से 13 नवम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है। आवेदन का प्रिंट आउट निकालने की अवधि 16 सितम्बर से 15 नवम्बर 2026 तक तथा आवश्यक संलग्नकों सहित हार्ड कॉपी शिक्षण संस्थान में जमा करने की अंतिम तिथि 16 नवम्बर 2026 है। शिक्षण संस्थानों द्वारा आवेदन पत्रों को ऑनलाइन सत्यापित एवं अग्रसारित करने की अवधि 16 सितम्बर से 17 नवम्बर 2026 तक निर्धारित है। विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा वास्तविक छात्रों का सत्यापन तथा अपात्र छात्र, पाठ्यक्रम एवं संस्था को ब्लॉक करने की अवधि 16 सितम्बर से 25 नवम्बर 2026 तक रहेगी।
जनपदीय समिति द्वारा संदेहास्पद एवं त्रुटिपूर्ण डाटा को छोड़कर अन्य डाटा लॉक करने की अवधि 06 दिसम्बर से 15 दिसम्बर 2026 तक निर्धारित की गई है। वहीं, संदेहास्पद एवं त्रुटिपूर्ण डाटा का वास्तविक सत्यापन के आधार पर डाटा लॉक करने की अवधि 11 जनवरी से 20 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।





