तिलहर विधायक ने प्रेस वार्ता कर दी दीपावली की शुभकामनाएं, क्षेत्र की समस्याओं के निस्तारण का दिया भरोसा।
तिलहर/शाहजहांपुर। विधायक श्रीमती सलोना कुशवाह ने प्रेस वार्ता कर क्षेत्रवासियों को धनतेरस, दीप महोत्सव दीपावली और भैयादूज की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर अपनी बात रखी।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता अपनी समस्याओं से उन्हें लगातार अवगत कराती रहे। जनहित से जुड़ी प्रत्येक समस्या को शासन के समक्ष उठाकर उसके निस्तारण का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है।
प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विधायक ने तिलहर को और अधिक सुंदर एवं विकसित बनाने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने नगर की जर्जर सड़कों के संबंध में बताया कि वर्तमान में पेयजल आपूर्ति के लिए नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है। इसके साथ ही गैस पाइपलाइन के माध्यम से घरों में कनेक्शन उपलब्ध कराने का काम भी जारी है।
उन्होंने बताया कि इन विकास कार्यों के चलते कई स्थानों पर सड़कों की स्थिति प्रभावित हुई है। संबंधित कार्य जल्द पूरा होने की संभावना है, जिसके बाद सड़कों की स्थिति सुधारने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। विधायक ने क्षेत्रवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।






