हातिम अली शाह मियां के सालाना उर्स में सजी कुल शरीफ की महफिल, मुल्क में अमन-चैन की मांगी गई दुआ।


तिलहर/शाहजहांपुर। नगर के मशहूर सूफी संत हजरत हाजी हाफिज मोहम्मद हातिम अली शाह मियां के सालाना उर्स शरीफ के मौके पर कुल शरीफ की रूहानी महफिल अकीदत और एहतराम के साथ आयोजित की गई। इसमें सैकड़ों अकीदतमंदों ने शिरकत कर फातिहा पढ़ी और बुजुर्ग की बारगाह में अपनी अकीदत का नजराना पेश किया।
महफिल के दौरान मौलाना इरशाद हुसैन ने तकरीर करते हुए कहा कि सूफिया-ए-किराम ने हमेशा मोहब्बत, इंसानियत, भाईचारे और अमन का पैगाम दिया है। उन्होंने लोगों से नेक बुजुर्गों की जिंदगी से सबक लेने, इंसानियत की खिदमत करने और समाज में आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
इस मौके पर मोहम्मद रजा बरकाती और शाद मन ने नात-ए-पाक का नजराना पेश किया। उनकी पुरअसर आवाज और खूबसूरत अंदाज ने महफिल में रूहानी समां बांध दिया। वहीं मौलाना वकार उलहात्मी ने शिजरा पढ़ा और खुसूसी दुआ कराई।
अंत में मुल्क की तरक्की, खुशहाली, अमन-चैन, आपसी भाईचारे और कौम की बेहतरी के साथ-साथ सभी लोगों की सलामती के लिए सामूहिक दुआ मांगी गई। महफिल में शामिल अकीदतमंदों ने एक-दूसरे को उर्स शरीफ की मुबारकबाद पेश की।
इस अवसर पर कलियर शरीफ से तशरीफ लाए फैसल मियां साबरी, काजी शहर मोहम्मद अकरम सलीम, मोहम्मद हुसैन उर्फ अच्छन मियां, सैयद इफ्तिखार अली, शहरी इमाम मोहम्मद स्वालेह, राहत उल्ला खान, बिलाल खान, शाहिद, चांद साबरी समेत सैकड़ों अकीदतमंद मौजूद रहे।






