वसीम चिश्ती की शानदार कव्वालियों के साथ संपन्न हुआ हजरत हातिम अली शाह मियां का सालाना उर्स शरीफ।
तिलहर/शाहजहांपुर। नगर के मशहूर बुजुर्ग एवं सूफी संत हजरत हाजी हाफिज मोहम्मद हातिम अली शाह मियां का सालाना उर्स शरीफ अकीदत और एहतराम के साथ आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के बाद रूहानी कव्वाली की महफिल के साथ संपन्न हो गया।
मोहल्ला कच्चा कटरा स्थित दरगाह पर सज्जादानशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां की सरपरस्ती में आयोजित उर्स के अंतिम दिन महफिल-ए-समा का आयोजन किया गया। इसमें मुरादाबाद से आए मशहूर कव्वाल वसीम चिश्ती ने अपने शानदार सूफियाना कलाम पेश कर महफिल में समां बांध दिया। उनकी दिलकश आवाज और बेहतरीन अंदाज ने जायरीन को देर रात तक बांधे रखा।
वसीम चिश्ती ने अपने कलाम के माध्यम से अल्लाह की हम्द, रसूले पाक की नात और औलिया-ए-किराम की शान में मनकबत पेश की। उनकी कव्वालियों पर महफिल में मौजूद अकीदतमंद झूम उठे और तालियों के साथ कव्वालों की हौसला अफजाई की। पूरी महफिल के दौरान रूहानियत और अकीदत का माहौल बना रहा।
उर्स में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के अलावा दूरदराज से भी बड़ी संख्या में जायरीन ने शिरकत की। अकीदतमंदों ने दरगाह पर हाजिरी देकर फातिहा पढ़ी और मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे, खुशहाली तथा तरक्की के लिए दुआएं मांगीं।
इस अवसर पर कलियर से तशरीफ लाए फैसल मियां साबरी, डॉ. असद अहमद कलीमी, डॉ. काशिफ हुसैन, शारिक हुसैन, बिलाल खान, शाहिद चांद साबरी, फरीद साबरी एवं हाजी ज्योति सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे।






