उर्दू दिवस पर सजा मुशायरे का मंच, डॉ. बृजभूषण बरेलवी को मिला ‘अल्लामा इकबाल अवार्ड’।

शाहजहांपुर। महान शायर एवं दार्शनिक डॉ. अल्लामा इकबाल की जयंती के अवसर पर उर्दू दिवस मदरसा नूरुल हुदा, बिजलीपुरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर भव्य मुशायरे का आयोजन किया गया, जिसमें देशभक्ति, मोहब्बत और सामाजिक सौहार्द से जुड़ी रचनाओं ने श्रोताओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बरेली के प्रसिद्ध कवि एवं शायर डॉ. बृजभूषण बरेलवी को ‘डॉ. अल्लामा इकबाल अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां की सरपरस्ती में हुआ। अध्यक्षता वरिष्ठ शायर असगर यासिर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. आदर्श पांडे मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ तिलावते कलाम पाक से हुआ।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अल्लामा इकबाल के जीवन, साहित्यिक योगदान और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपनी शायरी और दर्शन के माध्यम से समाज में आत्मसम्मान, शिक्षा, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत किया। उनकी रचनाएं आज भी युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देती हैं।
मुशायरे में वरिष्ठ शायर असगर यासिर ने अल्लामा इकबाल के संदेश और उनके विचारों को शायरी के माध्यम से प्रस्तुत किया। युवा शायर वाजिद हुसैन वाजिद ने हिंदी और उर्दू को देश की दो बेटियां बताते हुए भाषाई एकता का संदेश दिया। इब्ने हसन हसन तिलहरी ने कहा कि उर्दू जुबान वालों का काम नफरत नहीं, बल्कि दुनिया में मोहब्बत बांटना है।
बरेली से आए डॉ. बृजभूषण बरेलवी ने अपनी रचना के माध्यम से शायरी की संवेदनाओं को बखूबी पेश किया। युवा शायर फरमान चिश्ती ने अपनी पंक्तियों से खूब वाहवाही बटोरी। मुख्य अतिथि डॉ. आदर्श पांडे ने भी अपने काव्य पाठ से श्रोताओं को प्रभावित किया। वरिष्ठ कवि ज्ञानेंद्र मोहन ज्ञान और अकरम तिलहरी ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। प्रत्येक प्रस्तुति पर श्रोताओं ने तालियों के साथ शायरों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. बृजभूषण बरेलवी को साहित्यिक योगदान के लिए ‘डॉ. अल्लामा इकबाल अवार्ड’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं बरेली से आए मनोज मुसाफिर को शॉल और पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. आदर्श पांडे का भी शॉल और पौधा देकर अभिनंदन किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. बृजभूषण बरेलवी ने आयोजकों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जुबेर आलम, सुधाकर तिवारी एडवोकेट, इजहार, शारिक, कामरान सहित तमाम साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।






