शाहजहांपुर के समग्र विकास में जन सूचना अधिकारी भी बनें सहभागी : राज्य सूचना आयुक्त।
नियमों के अनुरूप समयबद्ध सूचना देने के साथ आवेदकों की समस्याओं के समाधान का भी करें प्रयास : डॉ. दिलीप अग्निहोत्री।
शाहजहांपुर। राज्य सूचना आयुक्त डॉ. दिलीप अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी जनपदों का समग्र विकास कर रही है। शाहजहांपुर भी विकास की नई दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस विकास यात्रा में जन सूचना अधिकारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्हें सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत अपने दायित्वों का निर्वहन करने के साथ ही जनहित के कार्यों और समस्याओं के समाधान में भी सक्रिय सहभागिता निभानी चाहिए।
राज्य सूचना आयुक्त डॉ. अग्निहोत्री रिलायंस गेस्ट हाउस में जन सूचना अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सूचना मांगने वाले आवेदकों को नियमानुसार निर्धारित समयसीमा में जवाब उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। जिन सूचनाओं का प्रकटीकरण नियमों के तहत संभव नहीं है, उनके संबंध में भी संबंधित प्रावधानों का उल्लेख करते हुए स्पष्ट जवाब दिया जाना चाहिए। सूचना के अंतरण अथवा विस्तृत सूचना उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित शुल्क की मांग भी समयसीमा के भीतर की जानी चाहिए। यदि मांगी गई सूचना अत्यधिक विस्तृत होने के कारण उपलब्ध कराना संभव न हो तो इसकी जानकारी भी आवेदक को नियमों का हवाला देते हुए दी जाए। उन्होंने जोर दिया कि पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता प्रशासनिक कार्यप्रणाली का आधार होनी चाहिए।
डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि शाहजहांपुर में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। सरकार ने महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित राम प्रसाद बिस्मिल के नाम पर राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया है। यहां का आधारभूत ढांचा और चिकित्सा सुविधाएं उच्चस्तरीय हैं। जनपद में सीमेंट कंपनी सहित कई औद्योगिक प्रतिष्ठान आर्थिक गतिविधियों को गति दे रहे हैं। वहीं, शाहजहांपुर की पहचान रहे जरी-जरदोजी हस्तशिल्प को भी नई पहचान मिल रही है। कभी अस्तित्व के संकट से जूझ रहा यह पारंपरिक हुनर अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे शाहजहांपुर को इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर के एक नोड के रूप में विकसित करने की योजना जनपद के औद्योगिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे विनिर्माण, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में निवेश के अवसर बढ़ेंगे तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
राज्य सूचना आयुक्त ने शहर के नियोजित विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि महायोजना-2031 के तहत शहरी नियोजन, आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव, भूमि उपयोग और भवन निर्माण संबंधी नियमों को व्यवस्थित करने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों के स्तर पर भी विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विकास केवल सरकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें प्रशासनिक पारदर्शिता, जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और प्रत्येक नागरिक को समय पर उचित जानकारी उपलब्ध कराना भी शामिल है। जन सूचना अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और सक्रियता से निर्वहन करें, ताकि सुशासन के साथ शाहजहांपुर के समग्र विकास को भी गति मिल सके।





