जनगणना-2027 के प्रति जागरूकता बढ़ाने को रेड क्रॉस ने चलाया विशेष अभियान।

जिलाधिकारी के निर्देश पर विशेष स्वास्थ्य दिवस में जनसहभागिता का संदेश, रेड क्रॉस कार्यालय में सेल्फ एन्यूमरेशन का दिया गया प्रशिक्षण।
शाहजहाँपुर। भारत की जनगणना-2027 को लेकर जनपदवासियों में जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 24 नवंबर को निर्धारित विशेष स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाखा शाहजहाँपुर द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस अभियान का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित रेड क्रॉस कार्यालय में किया गया।
जिलाधिकारी द्वारा जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने का दायित्व रेड क्रॉस सोसाइटी को सौंपा गया था। इसी क्रम में सोसाइटी के सचिव एवं जनगणना के लिए नामित विशेष नोडल अधिकारी डॉ. विजय जौहरी के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम के दौरान प्रगणक नवजोत सिंह ने उपस्थित लोगों को जनगणना की तकनीकी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल पर चरणबद्ध तरीके से विवरण दर्ज करने की विधि समझाई तथा जनगणना से संबंधित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर डॉ. विजय जौहरी ने राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, नगर शाहजहाँपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार एवं अन्य कर्मचारियों के साथ स्वयं सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल पर अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कराई। उन्होंने इस पहल के माध्यम से नागरिकों को संदेश दिया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़े एकत्र करने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश के भविष्य की विकास योजनाओं का मजबूत आधार है। जनगणना से प्राप्त सटीक आंकड़ों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, आवास, रोजगार और जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर निर्धारण किया जाता है। उन्होंने कहा कि सही आंकड़े ही शासन-प्रशासन को जनसामान्य की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं बनाने में सहायता करते हैं।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना-2027 के प्रति जागरूक रहें, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी जानकारी दर्ज कराएं तथा इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाकर जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।
कार्यक्रम में डॉ. मुकेश कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय शाहजहाँपुर, स्टाफ नर्स अनुपम, पूजा देवी, शैलेंद्र गुप्ता, अनुज जौहरी, श्रवण कुमार, मृदुल गुप्ता, ओम, दिव्यांग विकलांग जन कल्याण समिति के बालकिशन पांडे, बृजेश गुप्ता, अवनीश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।





