
होमगार्ड को गंगा नदी में ढकेलने वाले दो युवक गिरफ्तार
ऊंचाहार रायबरेली
कोतवाली क्षेत्र के कल्यानी गंगा घाट पर मूर्ति विसर्जन के दौरान कुछ दबंग युवकों ने डियूटी पर तैनात एक होमगार्ड के साथ अभद्रता की। और उसे धक्का देकर गंगा नदी में गिरा दिया। नदी में बाढ़ होने की वजह से होमगार्ड डूबने लगा। वहां मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला। होमगार्ड के नामजद तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफतार कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र केछोटा सरबहदा गांव निवासी राम नरेश यादव कोतवाली में होमगार्ड के पद पर कार्यरत हैं। बुधवार को उसकी ड्यूटी मूर्ति विसर्जन कराने के लिए कल्यानी घाट पर लगी थी। लोग मूर्तियों का भू विसर्जन कर रहे थे। बताते हैं कि इस दौरान कोतवाली क्षेत्र के खंधारीपुर गांव निवासी लवकुश, सतीश कुमार व जयकरन मूर्ति नदी में विसर्जित करने की जिद करने लगे। होमगार्ड ने ऐसा करने मना किया तो तीनों युवक उससे भिड़ गए और धक्का देकर नदी में गिरा दिया। नदी में बहाव तेज होने से वह डूबने लगा। वहां मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह बाहर निकाला। इसकी सूचना कोतवाली में दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और लवकुश व सतीश कुमार को पकड़ लिया जबकि जयकरन मौके से भाग निकला। पुलिस ने होमगार्ड की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मुक़दमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल संजय त्यागी ने बताया लवकुश व सतीश को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। फरार युवक की तलाश की जा रही है।










