मतदाता पुनरीक्षण अभियान की सफलता के बाद जिलाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को सौंपी अंतिम प्रकाशन मतदाता सूची।

शाहजहांपुर। 27 अक्टूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक चले 166 दिनों के इस व्यापक पुनरीक्षण अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सभी संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों की सक्रियता और भागीदारी की सराहना करने के बाद जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को अंतिम प्रकाशन मतदाता सूची सौंप दी।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में विधानसभा मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के उपरांत अंतिम प्रकाशन के संबंध में जनपद के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर रहे थे।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया गया। इस दौरान गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संकलन, मतदेय स्थलों का पुनर्गठन, बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति, वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग, एएसडी एवं विसंगतिपूर्ण मतदाताओं का चिन्हांकन जैसे महत्वपूर्ण कार्य आयोग के निर्देशानुसार संपादित किए गए। 06 जनवरी 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया, जिसके उपरांत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त कर नियमानुसार उनका निस्तारण किया गया। साथ ही, नो-मैपिंग एवं तार्किक विसंगतियों वाले मतदाताओं को नोटिस जारी कर सुनवाई की प्रक्रिया भी पारदर्शी तरीके से पूरी की गई।
उन्होंने कहा कि पूरी प्रक्रिया के दौरान जिला एवं तहसील स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ निरंतर संवाद और बैठकें आयोजित की गईं तथा सभी अभिलेख एवं सूचनाएं समय-समय पर उपलब्ध कराई गईं। पुनरीक्षण कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बीएलओ को सम्मानित किया गया, जबकि लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई।
जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 अप्रैल 2026 को जनपद की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों—131 कटरा, 132 जलालाबाद, 133 तिलहर, 134 पुवायां, 135 शाहजहांपुर तथा 136 ददरौल की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इन क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 19,00,961 है, जिसमें 10,54,727 पुरुष, 8,46,155 महिला तथा 79 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभा कटरा में कुल 2,94,311, जलालाबाद में 3,20,370, तिलहर में 3,16,091, पुवायां में 3,18,343, शाहजहांपुर में 3,29,966 तथा ददरौल में 3,21,880 मतदाता दर्ज किए गए हैं। जनपद का जेंडर रेशियो 802, ईपी रेशियो 50, 18-19 आयु वर्ग के मतदाता 19,025 तथा दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 19,843 है।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह उपलब्धि सभी के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और भविष्य में भी निर्वाचन संबंधी कार्यों में इसी प्रकार सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने यह भी बताया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची डीईओ पोर्टल https://shahjahanpur.nic.in/deo-portal पर उपलब्ध करा दी गई है, जिससे आमजन आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दल मौजूद रहे।










