
शांति और सौहार्द के साथ मनाए मोहर्रम का पर्व,
नई परंपरा पर रहेगी रोक, मोहर्रम पर कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह
रायबरेली, गदागंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को गदागंज थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह एवं क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी ने थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी की मौजूदगी में की।
बैठक में जलालपुर धई, धमधमा, कुरौली बुधकर, मतीनगंज, दाउदपुर गड़ाई सहित विभिन्न गांवों के ताजियादार, मुस्लिम धर्मगुरु, ग्राम प्रधान एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने मोहर्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा शासन की गाइडलाइन का पालन करने पर जोर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने कहा कि मोहर्रम का पर्व पूर्व वर्षों की भांति ही मनाया जाएगा। किसी भी नई परंपरा अथवा नियमों के उल्लंघन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शासन-प्रशासन के निर्देशों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। उन्होंने समाज के जिम्मेदार लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह, एसएसआई मो. मुकरीम, उपनिरीक्षक वीरेंद्र यादव, दारोगा विवेक सिंह, धमधमा ग्राम प्रधान मोबीन अंसारी, प्रधान संघ अध्यक्ष ऋषि प्रसाद, बलिकरन सिंह इंटर कॉलेज दीन शाह गौरा प्रधानाचार मो फैशल, मो फारूकी,सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।










