
आलू से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलटा, बड़ा हादसा टला
रायबरेली। जनपद रायबरेली के गदागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डलमऊ–ऊंचाहार मार्ग पर मतीन गंज चौराहे के पास देर रात लगभग 2 बजे आलू से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। गनीमत रही कि घटना रात के समय हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक गदागंज से ऊंचाहार की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक चालक को नींद आ जाने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक मतीन गंज चौराहे के पास सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया तथा किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रकाश पांडे, चौकी इंचार्ज मखदूमपुर ने बताया कि दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। ट्रक चालक सुरक्षित है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा वाहन को सड़क किनारे से हटवाने की व्यवस्था की गई ताकि यातायात बाधित न हो। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त विश्राम अवश्य करें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।










