
सुल्तानपुर बढ़ैया गंगा घाट पर नव निर्मित पीपे के पुल का मंत्री मनोज कुमार पांडे ने किया उदघाटन
गदागंज/रायबरेली। विकास खण्ड दीन शाह गौरा क्षेत्र के सुल्तानपुर बढ़ैया गंगा घाट पर नव निर्मित प्लाटून (पीपे का पुल) का लोकार्पण ऊंचाहार विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मनोज पाण्डेय द्वारा विधिवत फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रधानों एवं भारी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री मनोज पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
मंत्री ने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, निःशुल्क बिजली कनेक्शन, शौचालय, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी तरीके से लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर घाट से समापुर घाट, जनपद फतेहपुर को जोड़ने वाला यह पीपे का पुल क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने कहा कि यह पुल केवल दो जिलों को जोड़ने का कार्य नहीं करेगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आवागमन को भी नई गति प्रदान करेगा। लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित इस पुल के बन जाने से क्षेत्रवासियों को लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी तथा स्थानीय व्यापार को भी मजबूती मिलेगी।










