
CRS NEWS रायबरेलीः- 27 अप्रैल 2026 जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एनकार्ड की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में नशीली दवाओं, अवैध शराब निर्माण की रोकथाम के लिए अब तक हुई कार्यवाही की विस्तार से समीक्षा की गई और आगामी रणनीति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शेड्यूल एच-1 रजिस्टर समस्त रिटेल मेडिकल स्टोर संचालक बनायेंगे तथा उसमें नारकोटिक्स ड्रग सेल का विवरण भरेंगे। बिना डाक्टर प्रिस्क्रिप्शन के नारकोटिक्स ड्रग का सेल कोई भी फुटकर औषधि विक्रेता नहीं करेंगे। नारकोटिक्स ड्रग सेल का अलग से कैश मेमो रिकॉर्ड बनाया जाए। समस्त दवा विक्रेता अपनी दुकानों पर कैमरा लगाए तथा न्यूनतम 15 दिवस कि रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखेंगे।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाते हुए विद्यार्थियों एवं युवाओं को जागरूक किया जाए, ताकि समाज में नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जा सके। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण करने वालों पर लगातार प्रवर्तन की कार्यवाही की जा रही है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरविन्द कुमार, जिला आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी महिमा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










