
उज्जैन दर्शन को जा रहे नवविवाहित युवक की सड़क हादसे में मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
रायबरेली। जिले के गदागंज थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। उज्जैन दर्शन के लिए जा रहे नवविवाहित युवक की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गदागंज थाना क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय ऋतिक कौशल पुत्र अशोक कौशल अपनी पत्नी अंजली, मामा और चाचा के बेटे के साथ दर्शन के लिए उज्जैन महाकाल मंदिर जा रहे थे। शुक्रवार 27 फरवरी की सुबह करीब 5 बजे मक्शी जनपद देवास के पास रास्ते में उन्होंने सड़क किनारे कार खड़ी कर दी। इसी दौरान एक सदस्य वाहन से बाहर गया हुआ था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में ऋतिक कौशल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अंजली गंभीर रूप से घायल हो गईं। अन्य साथियों को भी चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों के अनुसार, मृतक ऋतिक कौशल की शादी इसी महीने 10 फरवरी को हुई थी। शादी के बाद वह पत्नी के साथ पहली बार धार्मिक यात्रा पर निकले थे। लेकिन यह यात्रा उनके लिए अंतिम साबित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
गांव में शोक की लहर है।










