
विशेष अवसरों को बच्चों के साथ मनाने की पहल से विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बढ़ेगा अपनापन और सामुदायिक सहभागिता
CRS NEWS रायबरेली-19 अगस्त 2026, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की पहल पर जनपद में विशेष तिथियों को बच्चों के साथ मनाने के उद्देश्य से शुरू की गई अभिनव पहल के अंतर्गत विकास खण्ड शिवगढ़ क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सीवन में तिथि भोज का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार पाण्डेय द्वारा अपने पिता जी के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित तिथि भोज में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा बच्चों के साथ भोजन कर विशेष तिथि को यादगार बनाया गया।
जिलाधिकारी ने जनपद में यह विशेष पहल शुरू करते हुए अधिकारियों, शिक्षकों एवं अन्य संबंधित लोगों से अपील की है कि वे अपने जीवन की विशेष तिथियों को बच्चों के साथ मनाएं। इसके अंतर्गत जन्म दिवस, शादी की सालगिरह, पुण्यतिथि अथवा अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर आंगनबाड़ी केंद्रों एवं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में जाकर बच्चों के साथ समय बिताने तथा उनके साथ तिथि भोज आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय सीवन में तिथि भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों के साथ आत्मीयता एवं अपनत्व का वातावरण देखने को मिला। विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों को भोजन कराया गया तथा उनके साथ समय बिताकर उन्हें विशेष अवसर की खुशियों में सहभागी बनाया गया।
जिलाधिकारी की इस पहल का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को बच्चों से जोड़ते हुए विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। विशेष अवसरों पर बच्चों के साथ भोजन करने और उनके साथ खुशियां साझा करने से बच्चों में अपनत्व, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक भावनाओं का विकास होगा। साथ ही समाज में जरूरतमंद एवं वंचित बच्चों के प्रति संवेदनशीलता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने जीवन की विशेष तिथियों को केवल व्यक्तिगत रूप से मनाने के बजाय बच्चों के साथ साझा करें और उन्हें अपनी खुशियों का हिस्सा बनाएं। इस प्रकार की पहल से बच्चों के बीच खुशी एवं उत्साह का वातावरण बनेगा तथा विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति समाज की सहभागिता और जिम्मेदारी भी मजबूत होगी।
जनपद में तिथि भोज की इस पहल को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग विशेष अवसरों पर बच्चों के साथ समय बिताकर उनके जीवन में खुशी के पल जोड़ सकें और सामाजिक सरोकार की भावना को मजबूत कर सकें।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी शिवगढ़ ऋचा सिंह का भी विशेष मार्गदर्शन रहा।







