
मोहर्रम पर्व को लेकर गदागंज पुलिस अलर्ट, ताजियेदारों के साथ बैठक कर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रायबरेली। आगामी मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गदागंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बुधवार को क्षेत्राधिकारी डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना गदागंज पुलिस द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ताजियेदारों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया गया।
थाना प्रभारी दयानन्द तिवारी ने धमधमा, जलालपुर धई सहित कई गांवों के ताजियेदारों से मुलाकात कर ताजिया जुलूस के रूट की जानकारी ली तथा त्योहार के दौरान संभावित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी गिरजा शंकर त्रिपाठी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।









