
कोई पुलिस ने संडीला क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 30 जुलाई 2026 को अतरौली मार्ग पर निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास दो युवकों के शव सड़क किनारे मिले थे। मृतकों की पहचान अरुण चौरसिया निवासी रेसों,थाना कछौना तथा अभिषेक चौरसिया निवासी गोहेलिया, थाना कछौना के रूप में हुई थी। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिसके आधार पर संडीला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कई टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने कुलदीप और प्रमोद सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
5 आरोपियों में 3 बाल अपचारी हैं जिनकी उम्र 14 से 17 साल तक की है,पूछताछ में सामने आया कि वारदात पूर्व नियोजित थी। पुलिस की जांच में हत्या की वजह एक नाबालिग आरोपी की बहन से अरुण की बातचीत होना पाया गया है , व अभिषेक की हत्या इसलिए हुई कि वो अरुण के साथ था।आरोपियों ने पार्टी के बहाने दोनों युवकों को सुनसान स्थान पर बुलाया और लोहे के हथियार व बांस के डंडों से हमला कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शवों को छोड़ कर मौके से फरार हो गए तथा मृतकों के मोबाइल फोन भी साथ ले गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथियार और मृतकों के मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






