राज्यपाल व उपमुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों से शाहजहांपुर में रेडक्रॉस की मानव सेवा को मिलेगी नई गति।

फर्स्ट एड, योग, बाल शिक्षा, एचपीवी वैक्सीनेशन, रक्तदान और टीबी मरीजों को गोद लेना बनेगा जनसेवा का प्रमुख आधार।
शाहजहांपुर। लखनऊ स्थित राजभवन में आयोजित इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश शाखा की वार्षिक बैठक से शाहजहांपुर में मानव सेवा के क्षेत्र में रेडक्रॉस को नई दिशा मिली है। महामहिम राज्यपाल एवं इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश की अध्यक्ष श्रीमती आनंदीबेन पटेल तथा प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सोसाइटी के सभापति श्री ब्रजेश पाठक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में रेडक्रॉस की गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।
राजभवन में आयोजित बैठक में शाहजहांपुर की ओर से डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. विजय जौहरी ने सहभागिता की। बैठक में राज्यपाल ने रेडक्रॉस की सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षित करने के साथ उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। विद्यालयों में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करने तथा टीकाकरण अभियान में रेडक्रॉस की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
राज्यपाल ने विद्यालयों में फर्स्ट एड और सीपीआर प्रशिक्षण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में चिकित्सकीय सहायता पहुंचने से पहले यदि शिक्षक और विद्यार्थी प्राथमिक उपचार एवं सीपीआर देना जानते हों तो कई बहुमूल्य जीवन बचाए जा सकते हैं। इसके साथ ही विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए योग को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया।
बैठक में गरीब और वंचित परिवारों के ऐसे बच्चों की शिक्षा पर भी चिंता जताई गई, जो विद्यालय में प्रवेश लेने के बाद नियमित रूप से स्कूल नहीं जाते और घरेलू कार्यों में लग जाते हैं। रेडक्रॉस को ऐसे बच्चों को चिह्नित कर उन्हें दोबारा विद्यालय से जोड़ने और उनकी नियमित शिक्षा सुनिश्चित कराने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया गया।
रक्तदान को जनअभियान बनाने पर जोर
बैठक में स्वैच्छिक रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए रक्तदाताओं की सूची तैयार रखने की आवश्यकता भी बताई गई।
इसके अलावा विशेष अभियान चलाकर टीबी रोगियों को गोद लेने और उनके उपचार एवं पोषण में सहयोग करने पर भी विशेष बल दिया गया। इन सभी अभियानों को शाहजहांपुर में रेडक्रॉस की प्रमुख जनसेवा गतिविधियों में शामिल किया जाएगा।
डॉ. रवि मोहन की सेवाभावना की सराहना
बैठक में उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा पूर्व में शाहजहांपुर के जिलाधिकारी रह चुके श्री अमित घोष ने होम्योपैथिक चिकित्सक एवं रेडक्रॉस से जुड़े डॉ. रवि मोहन की चिकित्सीय सेवाभावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवा के साथ रेडक्रॉस के माध्यम से सक्रिय रूप से मानव सेवा करना उनके सेवा-समर्पण और मानवीय संवेदना का परिचायक है।
वहीं उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने रेडक्रॉस के सदस्य को जिला स्वास्थ्य समिति में नामित किए जाने का प्रस्ताव रखा। इससे जिला स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में रेडक्रॉस की सहभागिता और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।
समाज के सहयोग से आगे बढ़ेगा रेडक्रॉस
राजभवन की बैठक से लौटने के बाद इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि राज्यपाल और उपमुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जनपद में रेडक्रॉस की सेवाओं को नई गति दी जाएगी। रेडक्रॉस फर्स्ट एड, सीपीआर, योग, एचपीवी वैक्सीनेशन, रक्तदान, बाल शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और टीबी मरीजों की सहायता जैसे क्षेत्रों में व्यापक अभियान चलाएगा।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस किसी एक व्यक्ति की संस्था नहीं, बल्कि समाज की सेवा के लिए समाज के सहयोग से चलने वाला मानवीय अभियान है। जनपद के समाजसेवियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से रेडक्रॉस से जुड़कर मानव सेवा के कार्यों को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
डॉ. जौहरी ने कहा कि प्रयास रहेगा कि आने वाले समय में शाहजहांपुर मानव सेवा के क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जनपद बने और रेडक्रॉस की सेवाओं को सम्मानजनक पहचान मिले। इसके लिए समाजसेवी संस्थाओं, स्वयंसेवकों और जनसामान्य के सहयोग से निरंतर अभियान चलाए जाएंगे।







