मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा, महिला सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश।

शाहजहांपुर। रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर की अध्यक्षता में जनपद के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारी एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर भी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक ने मिशन शक्ति अभियान, महिला एवं बालिका सुरक्षा, सम्मान व सशक्तिकरण तथा केंद्रों के प्रभावी संचालन की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मिशन शक्ति केंद्रों पर आने वाली महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। महिलाओं को 1090, 181, 112, 1076 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के भी निर्देश दिए गए।
महिला बीट अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को स्कूल-कॉलेजों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाने तथा महिलाओं से नियमित संवाद स्थापित करने को कहा गया। केंद्रों के अभिलेख एवं शिकायत पंजिकाएं अद्यावधिक रखने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए थाना रामचंद्र मिशन में तैनात आरक्षी लविश गिरी को ₹2,000 की धनराशि से पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।







