
आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम, चालक हिरासत में, वाहन कब्जे में
CRS NEWS उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र के सरोसी-परियर मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी आठ वर्षीय बड़ी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हाजीपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क किनारे जा रही दोनों बहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। उपचार के लिए अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने छोटी बहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बड़ी बहन को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार हाजीपुर गांव निवासी प्रदीप की छह वर्षीय बेटी सृष्टि और आठ वर्षीय बेटी मिष्टी बुधवार शाम करीब पौने छह बजे सरोसी-परियर मार्ग पर थीं। इसी दौरान सरोसी की ओर से आ रहे पिकअप वाहन संख्या यूपी 35 बीटी 2671 ने दोनों बच्चियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों को घटना की जानकारी दी गई और दोनों घायल बच्चियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने छह वर्षीय सृष्टि को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मिष्टी की हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। ग्रामीणों ने पीछा कर पिकअप को सरोसी पुलिस चौकी, थाना कोतवाली सदर के पास पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेते हुए वाहन को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया। घटना के संबंध में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बच्ची की मौत से मचा कोहराम
छह वर्षीय सृष्टि की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से आक्रोशित ग्रामीण और परिजन मृत बच्ची का शव लेकर सरोसी पुलिस चौकी के पास पहुंच गए। इसके बाद शव को सड़क पर रखकर सरोसी-परियर मार्ग जाम कर दिया गया। ग्रामीणों के सड़क पर बैठने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
कार्रवाई के आश्वासन पर समझाने का प्रयास
जाम की सूचना मिलते ही गंगाघाट पुलिस समेत अन्य अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने तथा जाम खुलवाने का प्रयास किया। इंस्पेक्टर गंगाघाट अजय सिंह ने परिजनों को चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
देर रात तक मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की ओर से स्थिति पर नजर रखी गई और परिजनों से बातचीत कर मार्ग पर यातायात सामान्य कराने के प्रयास जारी रहे। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल बना रहा।







