
पुलिस अधीक्षक ने गदागंज थाने का किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गदागंज थाना परिसर में शुक्रवार सायंकाल रवि कुमार, पुलिस अधीक्षक ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने में रखी पत्रावलियों का गहन अवलोकन किया तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की साफ-सफाई, बंदी गृह की व्यवस्था एवं सुरक्षा इंतजामों का भी जायजा लिया। उन्होंने थाना प्रभारी दयानंद तिवारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि थाने में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना पुलिस का दायित्व और कर्तव्य है।
उन्होंने हल्का दरोगाओं से परिचय प्राप्त कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली तथा पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए। अपराधियों पर सतत निगरानी रखने और अधिकतर शिकायतों का समाधान थाना स्तर पर ही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतें उच्चाधिकारियों तक न पहुंचे, इसके लिए थाना स्तर पर ही त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों में सजगता देखी गई।










