
CRS NEWS रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खनन विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की। खनन अधिकारी सुरेश कुमार लकड़ा के नेतृत्व में टीम ने बछरावां-लालगंज मार्ग पर जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को पकड़ा। विभाग का आरोप है कि इस वाहन के माध्यम से खनन विभाग की जांच टीम की लोकेशन अवैध खनन और ओवरलोडिंग में लगे वाहन चालकों तक पहुंचाई जा रही थी।
बताया गया कि खनन विभाग की टीम क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या UP32 QV 5254 संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। टीम द्वारा वाहन को रोककर जांच की गई तो मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
खनन विभाग की टीम ने वाहन को कब्जे में लेकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए खनन विभाग की ओर से बछरावां थाने में तहरीर दी गई है। तहरीर में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की गई है।
खनन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जांच टीम की गतिविधियों और लोकेशन की जानकारी अवैध खनन में शामिल लोगों तक पहुंचाने की शिकायत को विभाग ने गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से सरकारी कार्रवाई प्रभावित होने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों को कार्रवाई से बचने का मौका मिल सकता है।
जिलाधिकारी के निर्देश के बाद खनन विभाग ने अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ निगरानी और जांच तेज कर दी है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपों की स्थिति स्पष्ट होने के साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।







