
CRS NEWS रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र में पंचायत मित्र का शव बंद घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान 40 वर्षीय विवेक कुमार बाजपेई के रूप में हुई है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों के मुताबिक,मृतक का पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा था।हालांकि,मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामला सरेनी थाना क्षेत्र के भीटा गांव का है।यहां के निवासी पंचायत मित्र विवेक कुमार बाजपेई अपने गांव स्थित मकान में अकेले रहते थे।सोमवार सुबह उन्होंने धान की कटाई के लिए कंबाइन मशीन के ऑपरेटर को बुलाया था।ऑपरेटर ने जब उनके मोबाइल पर फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुई।इसके बाद वह घर पहुंचा और आवाज लगाई,लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।दरवाजे से झांककर देखने पर आंगन में लोहे के जाल से साड़ी के सहारे विवेक का शव लटका दिखाई दिया।ऑपरेटर ने घटना की जानकारी पंचायत मित्र नीरज सिंह को दी। इसके बाद ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।बताया गया कि मृतक के माता-पिता के पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने काफी मशक्कत से दरवाजा खुलवाया।घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।ग्रामीणों के मुताबिक,विवेक और उनकी पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था।पत्नी प्रज्ञा अपने सात वर्षीय बेटे ध्रुव के साथ करीब डेढ़ महीने से मायके में रह रही थी।बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद थाने तक भी पहुंचा था। हालांकि,इन परिस्थितियों का घटना से क्या संबंध है,यह अभी स्पष्ट नहीं है।पुलिस के मुताबिक,शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।पंचायत मित्र की मौत के पीछे की वास्तविक वजह क्या है,यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा।






