शाहजहाँपुर में धूमधाम से मनाया गया गंगा उत्सव।
शाहजहाँपुर। नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जिला गंगा समिति के तत्वावधान में विकासखंड मिर्जापुर स्थित श्री रामसहाय मेमोरियल इंटर कॉलेज में भव्य गंगा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद कलान के चेयरमैन हरि नारायण गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथियों ने मां गंगा और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
उत्सव में विद्यार्थियों ने चित्रकला, भाषण, रंगोली एवं लाइव क्विज प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर गंगा संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही गंगा आरती, नाट्य मंचन, केवट संवाद एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
भाषण प्रतियोगिता में सूर्य प्रताप सिंह प्रथम, निखिल कुमार द्वितीय और हर्ष सिंह तृतीय रहे। सीनियर चित्रकला में स्मिता, वंदित और मंजरी तथा जूनियर वर्ग में अदिति शर्मा, प्रियंका और राधिका ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि हरि नारायण गुप्ता ने गंगा को भारतीय संस्कृति और आस्था की पहचान बताते हुए इसके संरक्षण को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण एवं नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान गंगा संरक्षण की शपथ और हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उप निदेशक मेरा युवा भारत माहे आलम, डॉ. विनय शर्मा, प्रधानाचार्य संजीव कुमार, बृज किशोर शर्मा, जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना सहित शिक्षक, समाजसेवी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






