
CRS NEWS पुरवा (उन्नाव)। कोतवाली पुरवा क्षेत्र के चक जमालपुर गांव में सोमवार को मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गाली-गलौज का विरोध करने पर बड़े भाई ने छोटे भाई पर दरांती से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पति को बचाने पहुंची छोटे भाई की पत्नी पर भी आरोपी ने वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वारदात से गांव में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि चक जमालपुर गांव निवासी किशन का अपने छोटे भाई दिलीप की पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि किशन छोटे भाई की पत्नी को गालियां दे रहा था। इसी दौरान दिलीप ने बड़े भाई की हरकत का विरोध किया। विरोध से नाराज किशन ने आपा खो दिया और दरांती से दिलीप पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में दिलीप गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पति को बचाने के लिए उसकी पत्नी बीच-बचाव करने पहुंची तो आरोपी ने उस पर भी दरांती से वार कर दिया। घटना के बाद आरोपी किशन मौके से फरार हो गया।
परिजनों और ग्रामीणों ने घायल दिलीप को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुरवा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के पीछे गाली-गलौज और उसका विरोध किए जाने का विवाद सामने आया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के संबंध में अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
वहीं, दिनदहाड़े भाई द्वारा भाई की हत्या किए जाने की घटना से गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।







