
इंदौर से लखनऊ जा रही बस का मोठ क्षेत्र में बिगड़ा संतुलन, 35 से 40 यात्री थे सवार; चालक पर यात्रियों ने लगाया लापरवाही का आरोप
CRS NEWS झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इंदौर से लखनऊ जा रही शताब्दी बस मोठ कोतवाली क्षेत्र में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 35 से 40 यात्री सवार थे। बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में करीब आठ यात्री घायल हो गए।
स्टेडियम के पास हुआ हादसा
हादसा रविवार सुबह करीब 6:15 बजे मोठ क्षेत्र में स्टेडियम के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अचानक लहराते हुए सड़क किनारे पहुंची और खाई में जाकर पलट गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और यात्रियों को बाहर निकाला।
पुलिस और राहगीरों ने चलाया बचाव अभियान
सूचना मिलते ही डायल-112 और मोठ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ यात्रियों ने बस का शीशा तोड़कर बाहर निकलने का रास्ता बनाया। घायलों को एंबुलेंस से मोठ ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। गंभीर घायलों को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
चालक ने गाय को बताया हादसे की वजह
पुलिस को दिए बयान में बस चालक अजीत ने बताया कि अचानक सड़क पर गाय आ गई थी। गाय को बचाने के लिए उसने बस को बाईं ओर मोड़ा, जिससे बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हालांकि, यात्रियों ने चालक के इस दावे को खारिज करते हुए बस की तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह बताया।
यात्रियों ने लगाए गंभीर आरोप
यात्री शिवा और विष्णु गुप्ता समेत कई यात्रियों ने चालक पर तेज गति से बस चलाने और ओवरटेक करने के दौरान सावधानी नहीं बरतने का आरोप लगाया। यात्रियों का कहना था कि चालक को कई बार रफ्तार कम करने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। हादसे के बाद यात्रियों और चालक के बीच बहस भी हुई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।







