
CRS NEWS रायबरेली के ऊंचाहार में एक किशोरी की जिद ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया, माता-पिता ने शादी से इनकार किया तो किशोरी नाराज होकर सीधे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी।
मामला ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के उसरैना गांव का है। बताया जा रहा है कि किशोरी एक युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। इसी बात से नाराज होकर किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
किशोरी को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। नीचे खड़े लोग उसे समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश करते रहे, लेकिन काफी देर तक किशोरी टावर से नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।
हालात बिगड़ते देख गांव का एक युवक भी टावर पर चढ़ गया। युवक ने किशोरी को समझाया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
घटना की सूचना मिलते ही एनटीपीसी चौकी इंचार्ज संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने किशोरी को समझाया-बुझाया और बाद में उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। फिलहाल घटना के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटे रहे। यानी शादी की जिद में उठाया गया किशोरी का ये कदम न सिर्फ उसके लिए बल्कि परिवार और पूरे गांव के लिए भी चिंता का सबब बन गया।




