हजरत हाजी हाफिज मोहम्मद हातिम अली शाह मियां का 53वां उर्स शरीफ 4 नवंबर से।

तीन दिवसीय उर्स में मुशायरा, जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी और कव्वाली के होंगे कार्यक्रम।
तिलहर/शाहजहांपुर। नगर के प्रसिद्ध बुजुर्ग हजरत हाजी हाफिज मोहम्मद हातिम अली शाह मियां का 53वां उर्स शरीफ 4 नवंबर से प्रारंभ होगा। उर्स के संबंध में जानकारी देते हुए सज्जादानशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने बताया कि तीन दिवसीय उर्स के दौरान ऑल इंडिया मुशायरा, चादर गश्त, जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी, कुल शरीफ और कव्वाली के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 4 नवंबर की रात ऑल इंडिया मुशायरे का आयोजन होगा। वहीं, 5 नवंबर को सुबह 10 बजे चादर गश्त निकाली जाएगी। रात 8 बजे से जलसा-ए-ईद मिलादुन्नबी होगा, जिसके बाद कव्वाली का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में 6 नवंबर को सुबह 10:30 बजे कुल शरीफ होगा। इसके बाद कव्वाली पेश की जाएगी। रात 8 बजे से भी कव्वाली का विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।
उर्स के दौरान आयोजित जलसे में कारी फुरकान रजा नूरी (बीसलपुर), शायर मोहम्मद रजा बरकाती (बरेली), रेहान रजा मरकजी (बरेली), ताज रजा (बरेली), मौलाना इरशाद हुसैन (बरेली) और मोहम्मद रजा फैजी को आमंत्रित किया गया है।
इसके अलावा कव्वाली के कार्यक्रम में वसीम वारसी, शमीम वारसी और मुरादाबाद के वसीम चिश्ती अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
अंत में सज्जादानशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने अकीदतमंदों और क्षेत्रवासियों से उर्स शरीफ के सभी कार्यक्रमों में शिरकत कर कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की।






