
CRS AGENCY। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में पूरा बाजार स्थित बच्चू लाल इंटर कॉलेज के मैदान में बारिश के दौरान मंगलवार शाम जमीन से आग के गोले निकलने लगे। इसका वीडियो वायरल हुआ है तो हलचल मच गई। पुलिस जांच कर रही है। विद्यालय परिसर में अचानक जमीन से आग के गोले निकलने का वीडियो देख लोग भौचक्के रह गए। इसमें जगह-जगह आग जलती और आवाज होती सुनाई पड़ रही है।
सूचना पर पूरा बाजार चौकी प्रभारी अजीत तिवारी पहुंचे उन्होंने जांच पड़ताल शुरू की। विद्यालय में मौजूद हनुमान मंदिर के पुजारी बब्बू पांडे ने बताया कि इस तरह की घटना हमारे सामने नहीं हुई है। यह वीडियो किसने बनाया और कब वायरल किया। हमें इसकी जानकारी नहीं है। विद्यालय के प्रधानाचार्य देवेंद्र सिंह ने बताया कि हम लोग विद्यालय बंद कर घर चले आए थे। इसकी जांच की जा रही है कि घटना कैसे हुई है? कहा कि यह बच्चों की शरारत हो सकती है। आशंका यह भी है कि शायद अंदर से सीसीटीवी कैमरे का केबल गया है, उससे भी इस तरह की घटना हो सकती है। इसकी जांच करने के बाद ही सही पता चल पाएगा। चौकी प्रभारी अजीत तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह बच्चों की शरारत प्रतीत होती है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









