तिलहर बाईपास चौकी चौराहे का पुलिस पिंक बूथ बना शो पीस। 

CRS तिलहर/शाहजहाँपुर-महिला सशक्तिकरण अभियान के चलते बाईपास चौकी चौराहे पर ओवर ब्रिज के नीचे बनाया गया पुलिस पिंक बूथ महिला सुरक्षा के नाम पर मुंह चिढ़ाता हुआ जन सुरक्षा को आईना दिखा रहा है। योगी सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत क्षेत्र के अलग-अलग महिला बाहुल्य वाले संस्थान, सार्वजनिक उपक्रमों विद्यालयों और प्रमुख आबादी क्षेत्र में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करने के लिए अभियान चलाकर जहाँ महिलाओं में सुरक्षा की भावना उत्पन्न करने और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनूठा संदेश देने की कवायद की जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ तिलहर के बाईपास चौराहे पर बनाया गया पिंक बूथ विभागीय उपेक्षा के कारण सफेद हाथी साबित हो रहा है। शटर बंद करके जहां पुलिसकर्मी इधर-उधर चहल कदमी करते देखे जाते हैं वहीं महिला पुलिसकर्मी की तैनाती न होने के कारण, जरूरत पड़ने पर भी महिलाएं शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस सहायता लेने में हिचकिचाती नजर आती हैं। विगत मंगलवार को वाहन चालक द्वारा अभद्रता करने पर जब उर्मिला नाम की महिला पिंक बूथ के पास पहुंची तो सहायता केंद्र का दरवाजा बंद देखकर हताश होकर वापस लौट गई।
जानकार सूत्रों के अनुसार बाईपास चौराहे पर रेलवे तथा हाईवे पर चलने वाले यातायात से नगर में आवागमन करने वाली महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें संबल प्रदान करने के लिए बाईपास चौराहे पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाकर महिला सशक्तिकरण की शासन की मनसा को अमली जामा पहनाने की निहायत जरूरत है। पिंक बूथ के संबंध में महिला हेल्प डेस्क की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रभारी निरीक्षक से संपर्क का प्रयास किया गया किंतु संपर्क ना हो सका।









