शाहजहांपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, छह मामलों में कई आरोपी गिरफ्तार।
शाहजहांपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने रविवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रास्ता भटकी 10 वर्षीय बच्ची को सकुशल परिजनों से मिलाया, जबकि मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी और दहेज हत्या के मामलों में गिरफ्तारियां की गईं। साथ ही प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
महिला थाना: मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला थाना पुलिस की टीम को भ्रमण के दौरान रास्ता भटकी 10 वर्षीय कामिनी मिली। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर पहचान सत्यापित की और बच्ची को उसके चाचा नन्हेलाल के सुपुर्द कर दिया।
अल्हागंज में गांजा बरामद: अल्हागंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जमील (48) निवासी पीरगंज को सिद्दन की मड़ैया मार्ग से गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 किलो 368 ग्राम गांजा बरामद होने का दावा किया गया है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मदनापुर में चोरी के मामलों का खुलासा: मदनापुर पुलिस ने जेब काटकर रुपये चोरी करने के दो मामलों में वांछित साहिल (23) निवासी सराय साधौ को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके पास से दोनों मामलों से संबंधित कुल 6,280 रुपये बरामद हुए हैं।
कटरा में दहेज हत्या का आरोपी गिरफ्तार: कटरा पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में वांछित शाहिद (33) निवासी लाईखेड़ा को ग्राम कंकलिया के बाहर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। मामले में अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या के आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
स्मैक और अफीम बरामद: कटरा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में पुरुषोत्तम (25) निवासी ग्राम गोरा को 84 ग्राम स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, सोहराव (46) निवासी बतलैया को 430 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
PET परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण: प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधाओं का जायजा लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस प्रबंध किए गए हैं।






