नगर पालिका में 13 दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया संपन्न, 12 दुकानों का हुआ आवंटन!
शाहजहांपुर/तिलहर-नगर पालिका परिषद के मीटिंग हॉल में मंगलवार शाम करीब चार बजे दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया संपन्न की गई। आवंटन की कार्यवाही नायब तहसीलदार मनु माथुर, नगर पालिका चेयरपर्सन हाजरा बेगम एवं अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में
तहसील रोड स्टेट बैंक के सामने कुल 13 दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया रखी गई, जिनकी आरक्षित कीमत लगभग 78 लाख रुपये निर्धारित थी।
इसमें से 12 दुकानों का आवंटन किया गया, जिनसे कुल 75 लाख 95 हजार रुपये का आवंटन प्राप्त हुआ। दुकानों में आरक्षण के तहत दो दुकानें एससी, एक ओबीसी तथा 10 अन्य आरक्षित श्रेणी में रखी गई थीं।आवंटन के दौरान नगर पालिका द्वारा कई शर्तें भी स्पष्ट की गईं। शर्तों के अनुसार बिना पालिका की अनुमति के किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। किराया जमा न होने या शर्तों के उल्लंघन की स्थिति में आवंटन निरस्त किया जा सकेगा।
साथ ही दुकानों में शराब, मीट, मधुशाला अथवा इसी तरह के व्यवसाय खोलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।उधर, आवंटन प्रक्रिया के दौरान नगर के मोहल्ला उम्मरपुर निवासी नईम, सादिक, आरिफ, सचिन, संजीव सहित कई लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। उनका आरोप था कि उन्होंने दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन किया था और मंगलवार को भी सुबह से पालिका अधिकारियों से आवंटन प्रक्रिया में शामिल होने की मांग करते रहे, लेकिन उन्हें शामिल नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा लोगों को ही शामिल कर दुकानों का आवंटन किया गया, जिसका उन्होंने विरोध किया।इस संबंध में अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश ने बताया कि कुल 13 दुकानों का आवंटन प्रस्तावित था, जिनमें से 12 दुकानों का आवंटन किया गया है। आवंटन प्राप्त करने वाले लोगों की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।











