तिलहर तहसील दिवस में 40 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण।


तिलहर/शाहजहांपुर। शनिवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान तहसील दिवस, तहसील सभागार में आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा निर्धारित समयावधि में उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
चकमार्ग से संबंधित शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि चकमार्गों को कब्जामुक्त कराने के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर कार्रवाई करें। वहीं, बिजली विभाग से संबंधित शिकायतों का निर्धारित समय के भीतर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की जांच करने वाले अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता की उपस्थिति में समस्या का निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही शिकायत निस्तारण के समय मौके की जीपीएस लोकेशन सहित फोटो भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे कार्रवाई की वास्तविक स्थिति सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह, उप जिलाधिकारी तिलहर आदित्य कुमार श्रीवास्तव, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






