विकास कार्यों में रोड़ा कौन? डिवाइडर निर्माण पर व्यापारियों का विरोध, अतिक्रमण पर खामोशी!
चेयरमैन पर आरोप लगाने वालों को भी समझनी होगी नगर विकास की हकीकत, पूर्वी हिस्से में सहयोग और पश्चिमी हिस्से में विरोध ने खड़े किए सवाल।
(तिलहर नगर संवाददाता CRS)
नगर के विकास और सौंदर्यीकरण में जब भी कोई बाधा आती है तो उसका ठीकरा अक्सर नगर पालिका चेयरमैन के सिर फोड़ दिया जाता है। लेकिन नगर में विकास कार्यों की राह में रोड़े कौन अटका रहा है, इसकी तस्वीर अब डिवाइडर निर्माण को लेकर सामने आए विरोध ने काफी हद तक साफ कर दी है। नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और विकास को नई दिशा देने की मंशा से शुरू हुए डिवाइडर निर्माण कार्य का पश्चिमी हिस्से में स्थानीय व्यापारियों ने जिस जबरदस्त तरीके से विरोध किया, उसने विकास की राह में खड़े अवरोधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नगर की लगातार बढ़ती आबादी और तेजी से बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच यातायात जाम की समस्या दिन-ब-दिन विकराल होती जा रही है। यह सही है कि डिवाइडर इस समस्या का एकमात्र समाधान नहीं हो सकता, लेकिन यातायात व्यवस्था को काफी हद तक व्यवस्थित करने और जाम से राहत दिलाने में इसकी अहम भूमिका हो सकती है। हैरानी की बात यह है कि नगर के पूर्वी हिस्से में जब डिवाइडर निर्माण शुरू हुआ तो वहां के व्यापारियों ने सहयोगात्मक रवैया अपनाया, लेकिन अब पश्चिमी हिस्से में उसी विकास कार्य का विरोध किया जा रहा है। सवाल यह है कि जब विकास कार्य नगर के हित में है तो फिर विरोध की वजह क्या है?
इससे भी बड़ा सवाल यह है कि आज जितनी सड़क दिखाई दे रही है, वास्तविकता में उसकी चौड़ाई इससे कहीं अधिक हो सकती है। सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और अवैध कब्जों के चलते सार्वजनिक मार्ग लगातार सिकुड़ते चले गए हैं। ऐसे में सड़क को व्यवस्थित करने और यातायात सुगम बनाने के प्रयासों पर विरोध होना अपने आप में विचारणीय है।
सड़कों के गड्ढों का जिम्मेदार कौन?
नगर की गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक छोटे-बड़े गड्ढे लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। आए दिन नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है और इन समस्याओं के लिए सीधे चेयरमैन को जिम्मेदार ठहरा दिया जाता है। लेकिन इस पूरे मामले का दूसरा पहलू भी समझना जरूरी है। जल निगम और घरेलू गैस पाइपलाइन के लिए विभिन्न मार्गों पर की गई खुदाई के बाद सड़कों को व्यवस्थित रूप से दुरुस्त न किए जाने की समस्या भी सामने है। ऐसे में संबंधित कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय करना भी बेहद जरूरी है। आखिर सरकारी और जनहित से जुड़े कार्यों के नाम पर सड़कों की खुदाई करने वाली संस्थाएं काम पूरा होने के बाद उन्हें पूर्व की स्थिति में बहाल करने की जिम्मेदारी से कैसे बच सकती हैं?
पूर्व चेयरमैन के विकास कार्यों का श्रेय लेने की कोशिश पर भी उठे सवाल
नगर के विकास कार्यों के इतिहास को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय इमरान खां के कार्यकाल में नगर की प्रमुख सड़कों पर डिवाइडर निर्माण, फाउंटेन, अंबेडकर पार्क, शहीद पार्क और आईटीआई सहित कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य कराए गए थे। इन कार्यों को लेकर पूर्व में कथित तौर पर श्रेय किसी और के हिस्से में डालने की कोशिश भी चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि नगर की जनता अपने सामने हुए विकास कार्यों और उनके वास्तविक इतिहास से भलीभांति परिचित है।
अब सवाल सिर्फ डिवाइडर का नहीं, नगर के भविष्य का है। क्या नगर को जाम, अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात से निजात दिलाने के प्रयासों में सभी सहयोग करेंगे या फिर विकास कार्य भी विरोध और आरोप-प्रत्यारोप की भेंट चढ़ते रहेंगे? चेयरमैन को हर समस्या का जिम्मेदार ठहराना आसान है, लेकिन विकास में बाधा बनने वाले कारणों और संबंधित विभागों की जवाबदेही पर भी उतनी ही मजबूती से सवाल उठने चाहिए।
आखिर नगर किसी एक व्यक्ति या वर्ग का नहीं, बल्कि पूरे नगरवासियों का है। विकास में सहयोग होगा तभी नगर की सूरत बदलेगी। क्योंकि जनता सब देखती है, सब समझती है और विकास कार्यों का असली इतिहास भी जानती है।






