
CRS NEWS-: भगवा वस्त्र पहने शख़्स पहले भीख मांगने घर-घर जाता रेकी करता और फिर चोरी की घटना को अंजाम देता। यह मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से सामने निकल कर सामने आया है, जहां ग्रामीणों ने भगवा पहनकर घर-घर जाकर भीख मांगने वाले एक ऐसे व्यक्ति को पकड़ा है जो चोरी की घटना को अंजाम देता था। ग्रामीणों ने युवक को पकड़ा और उसकी पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें भगवा कपड़े और हाथ में कलावा पहने एक युवक से ग्रामीण पूछताछ करते नज़र आ रहे हैं।
आपको बताते चलें कि पूरा मामला मुजफ्फरनगर ककरौली थाना क्षेत्र से सामने निकल कर आया है। जहां ग्रामीणों ने भगवा वस्त्र धारण कर घर-घर जाकर भीख मांगने वाले एक मुस्लिम युवक को पकड़ा। इसके बाद उसकी पिटाई कर उसे पुलिस को सौंप दिया। इस पूरी घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें आप देख सकते हैं कि किस तरह मुस्लिम युवक हाथ में कलावा बांधकर भगवा वस्त्र पहने हुए हैं। मगर, मामला बस इतना ही नहीं था। जब पुलिस ने पूछताछ की तो हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले कर जेल भेज दिया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम एहसान बताया है। उसने खुलासा किया है कि वह जौला गांव का रहने वाला है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा-
पुलिस पूछताछ में एहसान ने बताया कि उसकी एक गैंग है, जिसमें परिवार के सभी सदस्य हैं। उसका परिवार मीरापुर में एक किराये के मकान में रहता है। ये गैंग दिन में भगवा कपड़े पहनकर गांव में घर-घर जाकर भीख मांगने के नाम पर घरों की रेकी करता है और फिर रात में चोरी की योजना बनाता है। पुलिस से पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपना नाम लच्छू रखा हुआ है, ताकि कोई उसे पहचान न सके और वह आसानी से दिन में भीख मांगने के नाम पर घरों की रेकी कर सके। पुलिस ने बताया कि इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी गैंग के बाकी सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।










