तिलहर के कच्चा कटरा में कमेटी की बैठक में सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की कोतवाल ने की अपील।


तिलहर/शाहजहांपुर। आने वाले होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल द्वारा, नगर के पूर्वी एरिया में, कच्चा कटरा स्थित दरगाह शमशिया के सज्जादा नशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां के आवास पर मोहल्लावासियों के साथ पीस मीटिंग का आयोजन किया गया।
बैठक में क्षेत्रवासियों ने भाग लिया जिसमें प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व, आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
साथ ही उन्होंने सख्त एवं आदेशात्मक शब्दों में कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश प्रसारित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।
सज्जादा नशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूलमियां ने भी उपस्थित लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि तिलहर की गंगा-जमुनी तहजीब पूरे प्रदेश में मिसाल रही है। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलजुल कर होली और रमजान के पर्व को शांति एवं भाईचारे के साथ मनाएं।
मोहल्लावासियों ने प्रशासन को सहयोग देने का भरोसा दिलाया और कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी लोग सजग रहेंगे। बैठक में काशिफ़ हुसैन, शारिक हुसैन, साजिद अली, इनामुल्ला, गुलाम अहमद रज़ा,अकरम,असलम, चंदा खान, हरि शंकर, अतुल रस्तोगी, जीतू सिंह, आदि लोग मौजूद रहे ।









