माह-ए-रमजान के दौरान नगर क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने मांग की है।
तिलहर/शाहजहांपुर। मोहल्ला कच्चा कटरा स्थित दरगाह हज़रत सैयद शाह शम्सुद्दीन मियां रहमतुल्लाह अलैह के सज्जादा नशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां द्वारा रमजान उल मुबारक का पवित्र महीना प्रारंभ होने के मद्देनज़र अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को पत्र भेजा गया। पत्र में माह-ए-रमजान के दौरान नगर क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने मांग की है।
पत्र में कहा गया कि 19 फरवरी से रमजान उल मुबारक का महीना शुरू होने जा रहा है। इस पवित्र माह में बड़ी संख्या में लोग सहरी, इफ्तार और तरावीह की नमाज के लिए मस्जिदों में पहुंचते हैं। ऐसे में नगर पालिका से मांग है कि मस्जिदों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाए, नालियों की नियमित सफाई कराई जाए और कूड़ा उठान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही जिन स्थानों पर सड़कों पर गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से हैं, उन्हें समय रहते दुरुस्त कराया जाए तथा रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया जाए और बिजली व्यवस्था सुचारु रखी जाए। इसके अतिरिक्त मस्जिदों के आसपास आवारा पशुओं को हटवाने की भी मांग की गई है, ताकि नमाजियों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े। सज्जादा नशीन इकबाल हुसैन उर्फ फूल मियां ने अधिशासी अधिकारी से अनुरोध किया है कि उपरोक्त व्यवस्थाएं शीघ्र सुनिश्चित कराई जाएं, जिससे रमजान उल मुबारक का पवित्र महीना नगर में शांति, स्वच्छता और भाईचारे के वातावरण में संपन्न हो सके।








