स्कूल चलो अभियान” की भावनात्मक शुरुआत, बच्चों के स्वागत से गूंजे विद्यालय।
शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो किसी भी समाज और राष्ट्र की दिशा एवं दशा तय करती है- मा० मंत्री खन्ना।


शाहजहांपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में नवीन शैक्षिक सत्र के प्रथम दिवस “स्कूल चलो अभियान” का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने एलईडी वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वैन के माध्यम से गांव-गांव तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि हर बच्चा विद्यालय से जुड़े और शिक्षा की मुख्यधारा में शामिल हो। बच्चों का विद्यालय में रोली-तिलक लगाकर, मिष्ठान खिलाकर और पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया जाये, जिससे उनका मनोबल बढ़ेगा और विद्यालय के प्रति अपनापन झलकता नजर आता है।
इस अवसर पर मा० मंत्री श्री खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जो किसी भी समाज और राष्ट्र की दिशा एवं दशा तय करती है।
स्कूल चलो अभियान का आज से शुभारंभ हुआ है। प्रदेश में हम सभी लोगों से, सभी अभिभावकों से इस बात की अपील करते है कि वो अपने बच्चों को हर हालत में स्कूल भेजें। चाहे इसके लिए कितनी ही उन्हें परेशानी उठानी पड़े, क्योंकि बच्चे ही इस देश का भविष्य हैं। अगर वो अशिक्षित रह जाएँगे, उनको शिक्षित नहीं किया जाएगा, तो आगे के लिए उनकी तरक्की के सारे रास्ते बंद हो जाएँगे। इसलिए शिक्षित होना बहुत आवश्यक है और हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी और साथ ही साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी जी यही चाहते हैं कि हमारा देश आगे बढ़े, तरक्की करे और तरक्की तभी हो सकती है जब शिक्षा का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
माननीय मंत्री ने आगे कहा कि “स्कूल चलो अभियान” केवल नामांकन बढ़ाने का प्रयास नहीं, बल्कि हर बच्चे के सपनों को साकार करने का संकल्प है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और शिक्षकों के साथ मिलकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक विद्यालय हथौड़ा के बच्चों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की आयोजक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि “स्कूल चलो अभियान का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा से जोड़ना है। यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के उज्जवल भविष्य की नींव है। सभी के सामूहिक प्रयास से शत-प्रतिशत नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में इस अभियान को सफल बनाने और हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा, एसडीएम प्रियंका, पूर्व मंत्री सुरेंद्र बाल्मीकि, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी अजय चौहान, जिला समन्वयक सोहन शुक्ला, सतीश कुमार, शैलेन्द्र गुप्ता, रोहित सिंह, विनय मिश्रा,दीपक गौड़, निकहत परवीन, सुखमीत कौर, सहित अनेक शिक्षक, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।









