
गदागंज पावर हाउस क्षेत्र के धमधमा गांव में जर्जर बिजली तारों से हादसे का खतरा, शिकायत के बाद भी विभाग बेपरवाह
रायबरेली गदागंज पावर हाउस क्षेत्र के धमधमा गांव में बिजली विभाग की लापरवाही गंभीर खतरे का कारण बनती जा रही है। गांव स्थित जामा मस्जिद के पास बिजली के तार कई जगहों से टूटकर टुकड़ों में लटक रहे हैं, जिनमें लगातार विद्युत सप्लाई भी जारी है। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को दावत दे रही है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को इसकी शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। जर्जर तारों के नीचे से रोजाना लोगों का आना-जाना लगा रहता है, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन खतरनाक तारों को बदला जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं विभाग की उदासीनता पर लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।










