
CRS NEWS रायबरेली : रविवार को आयोजित होने वाली बी.एड. संयुक्त प्रवेश परीक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन एवं परिवहन निगम पूरी तरह सतर्क हो गया है। परीक्षार्थियों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
रेलवे प्रशासन ने आवश्यकता पड़ने पर स्पेशल ट्रेनें संचालित करने की तैयारी कर ली है। वहीं, अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रोडवेज विभाग ने जिले की 173 बसों को अलर्ट मोड पर रखा है। जरूरत के अनुसार बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे के यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन, प्लेटफार्म तथा टिकट काउंटरों पर सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के कारण यात्रियों की संख्या में वृद्धि की संभावना है, जिसे देखते हुए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। स्टेशन परिसर एवं ट्रेनों में लगातार जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।प्रशासन का उद्देश्य है कि बी.एड. परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थी सुरक्षित एवं समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।










