
CRS NEWS रायबरेली : ऊंचाहार क्षेत्र के नियापुर गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चबूतरा निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए तहसील परिसर में प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि चबूतरा निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई तथा सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। तहसील प्रशासन ने ग्रामीणों का ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।










