
हरदोई बघौली थानाक्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने लोगों को झकझोर दिया। पहला हादसा गुलरी बोझ के पास हुआ, जहां एक बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सौरभ तिवारी (पुत्र दिनेश तिवारी), निवासी देवगन के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
वहीं दूसरा सड़क हादसा शुक्रवार को करीब 3:45 बजे खजूरमई ओवरब्रिज पर हुआ। जानकारी के अनुसार हरदोई की ओर जा रही डीसीएम संख्या UP41BT 8674 के पीछे चल रही बुलेरो संख्या UP30BV 0807 अनियंत्रित होकर डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुलेरो में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बुलेरो में सवार कुल छह यात्रियों में से तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान खलील पुत्र शरीफ, छोटू पाल पुत्र कैलाश तथा मुन्नी पत्नी शरीफ, निवासीगण ग्राम जयराजपुर थाना टड़ियावां, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन चालक की लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।










